रश्मिका से शादी से पहले टूटा था दिल, विजय देवरकोंडा का बड़ा खुलासा, बोले- ‘सब कुछ झेलकर छोड़ी शराब’

साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता विजय देवरकोंडा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा के नए प्रोडक्शन ‘रोमांचकम’ के प्रमोशनल इवेंट में पहुंचे विजय ने अपनी जिंदगी के कई अनदेखे पन्नों को खोला। उन्होंने रश्मिका मंदाना से शादी, दिल टूटने के अनुभव और शराब छोड़ने के अपने फैसले पर खुलकर बात की।

जिंदगी के सबसे रोमांचक पलों पर बेबाक बयान

कार्यक्रम के दौरान जब शो के होस्ट ने विजय से साल 2026 के उनके सबसे रोमांचक (‘रोमांचकम’) अनुभव के बारे में पूछा, तो उन्होंने केवल इस साल या अपनी शादी तक बात सीमित रखने के बजाय अपने पूरे जीवन के सफर को बयां किया। फैंस की भारी नारेबाजी के बीच विजय ने कहा, ‘मेरा जन्म 1989 में हुआ था और तब से लेकर हर साल मेरी जिंदगी रोमांचक रही है। जेब में पैसे हों या न हों, मैंने अलग-अलग तरह की शराब पी है, लेकिन अब मैंने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है।’

प्यार, दिल का टूटना और फिर रश्मिका से शादी

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए विजय ने पहली बार अपनी पिछली जिंदगी के कड़वे अनुभवों पर रोशनी डाली। उन्होंने बताया, ‘मुझे प्यार हुआ, फिर मेरा दिल टूटा और आखिरकार मैंने शादी कर ली। हालात चाहे जो भी रहे हों, जीवन हमेशा रोमांच से भरा रहा।’ विजय की इन बातों को सुनकर मंच पर मौजूद संदीप रेड्डी वांगा अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उन्होंने तालियां बजाकर अभिनेता का समर्थन किया। कार्यक्रम के दौरान जब फैंस ने अपनी ‘वदीनम्मा’ (भाभी) रश्मिका मंदाना का हाल पूछा तो विजय ने मुस्कुराते हुए बताया कि कूल्हे की चोट से उबर रहीं रश्मिका अब ठीक हैं। उन्होंने कहा, ‘आपकी भाभी अब बेहतर हैं। वह चोटिल हो गई थीं, लेकिन अब घर पर आराम कर रही हैं और रिकवर कर रही हैं।’

रील से रियल लाइफ तक का सफर

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी को दर्शकों ने पहली बार साल 2018 में आई फिल्म ‘गीता गोविंदम’ और 2019 में रिलीज हुई ‘डियर कॉमरेड’ में देखा था। साल 2020 में दोनों के बीच अफेयर की खबरें तब सुर्खियां बनने लगीं, जब फैंस ने रश्मिका की तस्वीरों में विजय के घर की झलकियां देखीं। लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद इस जोड़े ने अक्टूबर 2025 में अपनों की मौजूदगी में सगाई की थी। हालांकि सगाई की अंगूठी में देखे जाने के बाद भी दोनों ने इस पर चुप्पी साधे रखी। आखिरकार, इस साल फरवरी में उदयपुर में शादी के बंधन में बंधने से कुछ दिन पहले दोनों ने एक संयुक्त नोट शेयर कर अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि की थी।

दोनों कलाकारों के आगामी प्रोजेक्ट्स

वर्कफ्रंट की बात करें तो रश्मिका को हाल ही में हिंदी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में देखा गया था। वह जल्द ही रवींद्र पुल्ले की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘मायसा’ में नजर आएंगी। इसी फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान उनके कूल्हे में चोट लग गई थी। दूसरी ओर, विजय हाल ही में फिल्म ‘किंगडम’ में नजर आए थे। उनके पास रवि किरण कोला की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘राउडी जनार्दन’ है, जिसमें कीर्ति सुरेश उनके साथ हैं। इसके अलावा वह शौर्युव की एक अनाम फिल्म में भी काम कर रहे हैं। विजय और रश्मिका की जोड़ी जल्द ही राहुल सांकृत्यायन की पीरियड एक्शन फिल्म ‘रणबाली’ में सालों बाद एक साथ पर्दे पर वापसी करेगी, जो 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, प्रणय रेड्डी वांगा की फिल्म ‘रोमांचकम’ 3 सितंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें:  ‘मेरी मौत करीब है’, कैंसर की चौथी स्टेज के दौरान अकेलेपन से भर गई थी मनीषा कोइराला की दुनिया, लगा सब खत्म हो रहा

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!