विजय सेतुपति की ‘महाराजा’ ने रचा इतिहास, हॉलीवुड में बनेगा 8.2 रेटिंग वाली फिल्म का रीमेक, प्रोड्यूसर ने दी जानकारी

साल 2024 में रिलीज हुई विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप की क्राइम थ्रिलर ‘महाराजा’ को इसके स्क्रीनप्ले और कहानी के लिए दर्शकों और फिल्म क्रिटिक्स से खूब तारीफें मिलीं। रिलीज के बाद ये फिल्म हर तरफ छा गई। विजय सेतुपति के अभिनय को खूब पसंद किया गया और अनुराग कश्यप भी अपने अभिनय का जादू चलाने में कामयाब रहे। निथिलन स्वामीनाथन के निर्देशन में बनी 2024 की इस नियो-नॉयर थ्रिलर फिल्म को अच्छे रिव्यू मिले और इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। अब ‘महाराजा’ इतिहास रचने के लिए तैयार है। विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप की 2024 की तमिल फिल्म का हॉलीवुड रीमेक बनने जा रहा है और इसकी जिम्मेदारी एक बड़े स्टूडियो ने ली है।

‘महाराजा’ के हॉलीवुड रीमेक की पुष्टि

फिल्म के मेकर्स ने बुधवार को सोशल मीडिया के ज़रिए बताया कि ‘महाराजा’ का रीमेक बनने जा रहा है। उन्होंने इसे तमिल सिनेमा के लिए एक ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’ बताते हुए खुशी जाहिर की। इस घोषणा को शेयर करते हुए प्रोड्यूसर्स ने लिखा, ‘एक ऐतिहासिक मील का पत्थर! महाराजा हॉलीवुड के किसी बड़े स्टूडियो द्वारा बनाई जाने वाली पहली तमिल फिल्म बन गई है।’ जैसे ही मेकर्स ने ये पोस्ट साझा किया, फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने डायरेक्टर निथिलन स्वामीनाथन और विजय सेतुपति को बधाई दी, जबकि कुछ ने फिल्म को मिली ग्लोबल पहचान का जश्न मनाया। वहीं कुछ ने फिल्म के सीक्वल को लेकर भी सवाल करना शुरू कर दिया।

हॉलीवुड रीमेक के कलाकार

ऐसी चर्चा है कि मैथ्यू मैककोनाघी ‘महाराजा’ के हॉलीवुड वर्ज़न में नजर आ सकते हैं। कई सोशल मीडिया पेजों ने दावा किया है कि मैथ्यू मैककोनाघी रीमेक में लीड रोल निभा सकते हैं। हालांकि, कास्टिंग की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ‘महाराजा’ के प्रोड्यूसर सुधन सुंदरम ने हाल ही में TOI से रीमेक के बारे में बात करते हुए बताया कि चीन में फिल्म की सफलता के बाद एक एजेंसी ने मेकर्स से रीमेक राइट्स के लिए संपर्क किया है। प्रोड्यूसर के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लिए एक बड़े स्टार को चुना गया है और उम्मीद है कि रीमेक की शूटिंग अगले साल शुरू हो जाएगी। जब उनसे मैककोनाघी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘हो सकता है कि मैककोनाघी उन स्टार्स में से एक हों जिनसे बातचीत चल रही है, लेकिन सिर्फ एजेंसी ही इसकी पुष्टि कर पाएगी।’

‘महाराजा’ की कहानी और कास्ट

‘महाराजा’ की कहानी एक ऐसे पिता के इर्द-गिर्द घूमती है जो उस वक्त पुलिस के पास जाता है जब उसका डस्टबिन, जिसका नाम लक्ष्मी है, खो जाता है। शुरू में जो शिकायत अजीब लगती है, वह धीरे-धीरे एक बहुत गंभीर कहानी में बदल जाती है। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। जून 2024 में रिलीज हुई ‘महाराजा’ को आईएमडीबी पर 8.4 रेटिंग मिली है। फिल्म को निथिलन स्वामीनाथन ने डायरेक्ट किया था और इसमें विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप के साथ सचना नमिदास, नट्टी सुब्रमण्यम और ममता मोहनदास जैसे कलाकार भी शामिल हैं। विजय सेतुपति पिछले दिनों Muthu Engira Kaattaan को लेकर चर्चा में रहे, जो मार्च में रिलीज हुई थी

ये भी पढ़ेंः 8.5 रेटिंग वाली रोमांटिक फिल्म, बचपन का प्यार और स्कूल के दिनों की याद हो जाएगी ताजा, बड़ा बजट नहीं सादगी है जान

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!