हीरोइन बनने जा रही विवेक ओबेरॉय की गोद ली बेटी, कैंसर से जीती जंग, फिल्म साइन करने से पहले लिया एक्टर का आशीर्वाद

विवेक ओबेरॉय अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल वर्क के लिए भी काफी मशहूर हैं। वह कई कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज में मदद कर चुके हैं और कई की अब भी कर रहे हैं। विवेक ओबेरॉय के परिवार में उनकी पत्नी प्रियंका अल्वा के साथ उनके दो बच्चे, विवान वीर और अमेया निर्वाण हैं। लेकिन, क्या आप विवेक ओबेरॉय की उस बेटी के बारे में जानते हैं जिन्हें उन्होंने तब एडॉप्ट किया था जब वह मात्र ढाई साल की थी। विवेक ओबेरॉय की गोद ली बेटी का नाम सहारा शाह है, जो अब हीरोइन बनने की तैयारी में हैं। विवेक ओबेरॉय ने जब सहारा को गोद लिया था, वह कैंसर से जंग लड़ रही थीं, लेकिन अब वह कैंसर से मुक्त हो चुकी हैं। अब 22 साल की हो चुकीं सहारा अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने की तैयारी में हैं।

हीरोइन बनेंगी सहारा शाह

सहारा शाह हाल ही में मुंबई में आयोजित ‘कैंसर रोज डे’ इवेंट में शामिल हुईं, जिसमें विवेक ओबेरॉय भी पहुंचे थे। इस कार्यक्रम के दौरान सहारा ने अपने फैसले के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी एविएशन ट्रेनिंग पूरी कर ली है, लेकिन वह विवेक ओबेरॉय के नक्शेकदम पर चलना चाहती हैं। इसीलिए उन्होंने अभिनय में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला लिया है। इसी दौरान उन्होंने विवेक ओबेरॉय के सामने ही स्टेज पर फिल्म साइन की और ये देखकर एक्टर काफी भावुक हो गए।

sahara shah

Image Source : INSTAGRAM/@SAHARASHAH29विवेक ओबेरॉय के साथ सहारा ने शेयर की तस्वीरें।

विवेक ओबेरॉय के नक्शेकदम पर चलना चाहती हैं सहारा

सहारा ने इवेंट के दौरान अपने फैसले के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैं अपनी एविएशन की ट्रेनिंग पूरी कर चुकी हूं और जल्दी ही आपसे दुबई में मिलूंगी। मैं एक फिल्म में लीड एक्ट्रेस का रोल प्ले कर रही हूं। ये एक नेपाली फिल्म है। हालांकि, मैंने अब तक ये फिल्म साइन नहीं की है। मैं ये आपके सामने ही आपके आशीर्वाद के साथ करना चाहती थी। आप तब से मेरी जिंदगी का हिस्सा रहे हैं, जब मैं ढाई साल की थी। आप मेरी जिंदगी का बहुत अहम हिस्सा हैं। मैंने आपको बचपन से देखा है और हमेशा से आपके नक्शेकदम पर चलना चाहती थी। हालांकि, मैं अब तक आधी राह भी नहीं तय कर पाई हूं और मुझे नहीं लगता कि मैं कभी उस मुकाम तक पहुंच पाऊंगी, जहां आप हैं।’

भावुक हुए विवेक ओबेरॉय

जब सहारा ने विवेक ओबेरॉय की मौजूदगी में अपनी पहली फिल्म साइन की, अभिनेता भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। बता दें, विवेक ओबेरॉय ने सहारा को तब गोद लिया था, जब वह ढाई साल की थीं और कैंसर से जंग लड़ रही थीं। जैसे ही विवेक ओबेरॉय को एक नन्हीं बच्ची के कैंसर है तो उन्होंने सहारा को गोद लेने का फैसला किया। इसके बाद विवेक ओबेरॉय ने ही सहारा के ट्रीटमेंट और पढ़ाई का खर्च उठाया। अब सहारा 22 साल की हो चुकी हैं और कैंसर मुक्त हैं।

विवेक ओबेरॉय का वर्कफ्रंट

विवेक ओबेरॉय अब नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में हैं। नितेश तिवारी की इस महत्वाकांक्षी फिल्म में विवेक ओबेरॉय सूर्पणखा के पति और रावण के बहनोई विद्युत्जिह्व की भूमिका में दिखाई देंगे। ट्रेलर में भी विवेक ओबेरॉय की झलक देखने को मिली थी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई। ‘रामायण’ में रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, साई पल्लवी माता सीता की और यश लंकापति रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। ये फिल्म दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ेंः ‘बेटे के लिए घर-घर काम मांगने गया’, सुरेश ओबेरॉय ने बताया कैसे हुआ विवेक ओबेरॉय का डेब्यू, RGV को मनाने के लिए बेले पापड़

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!