कौन हैं ‘रामायण’ के भरत? ‘जय जय राम’ में चरण पादुका माथे से लगाते दिखे, जीत चुके हैं नेशनल अवॉर्ड

गणेश चतुर्थी के पावन मौके पर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया गया है। गाने के सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। खास बात यह है कि इस गाने में भगवान राम के छोटे भाई भरत की भी पहली झलक देखने को मिली है। झलक में भरत भगवान राम की चरण पादुका को अपने माथे से लगाते नजर आ रहे हैं। इस भावुक दृश्य ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है और अब हर कोई जानना चाहता है कि फिल्म में भरत का किरदार निभाने वाला अभिनेता आखिर कौन है।

कौन हैं ‘रामायण’ के भरत?

फिल्म में भरत की भूमिका अभिनेता आदिनाथ कोठारे निभा रहे हैं। आदिनाथ कोठारे भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता, निर्देशक और निर्माता हैं, जो मुख्य रूप से मराठी फिल्मों और टेलीविजन में सक्रिय रहे हैं। वह मशहूर मराठी अभिनेता और फिल्ममेकर महेश कोठारे के बेटे हैं। आदिनाथ का फिल्मी दुनिया से रिश्ता काफी पुराना है और उन्होंने बतौर बाल कलाकार ही कैमरे के सामने कदम रख दिया था। आदिनाथ ने साल 1994 की मराठी फिल्म ‘माझा छकुला’ से बतौर बाल कलाकार अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई। बतौर लीड एक्टर उनकी शुरुआत 2010 में आई रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘वेड लावी जीवा’ से हुई। इसके अलावा वह ‘झपाटलेला 2’ (2013) और ‘चंद्रमुखी’ (2022) जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।

World of ramayana

Image Source : WORLD OF RAMAYANAभगवान राम की पादुका संभालते भरत।

’83’ में भी निभा चुके हैं क्रिकेटर का किरदार

आदिनाथ कोठारे ने हिंदी सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। कबीर खान की फिल्म ’83’ में उन्होंने भारतीय क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर का किरदार निभाया था। इस फिल्म में रणवीर सिंह ने कपिल देव की भूमिका निभाई थी और कहानी 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। अभिनय के अलावा आदिनाथ निर्देशन और प्रोडक्शन में भी सक्रिय हैं। उन्होंने 2024 में मराठी फिल्म ‘पाणी’ का निर्देशन किया था। इस फिल्म को पर्यावरण संरक्षण पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। आदिनाथ अपने पिता महेश कोठारे के साथ कोठारे विजन नाम की प्रोडक्शन कंपनी से भी जुड़े हैं।

‘रामायण’ का हिस्सा बनना बताया बड़ी जिम्मेदारी

आदिनाथ कोठारे ने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भरत की भूमिका मिलने को अपने लिए बेहद खास अनुभव बताया है। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने फिल्म के लिए चुने जाने का श्रेय कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा को दिया। आदिनाथ के मुताबिक उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट और इतने महत्वपूर्ण किरदार की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर वह खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने फिल्म की पटकथा सुनी तो वह काफी प्रभावित हुए थे।

World of ramayana

Image Source : WORLD OF RAMAYANAभरत का रोल निभा रहे एक्टर आदिनाथ कोठारे।

स्क्रिप्ट ने पहली बार में किया प्रभावित

आदिनाथ ने फिल्म की स्क्रिप्ट की तारीफ करते हुए कहा कि जब उन्होंने स्क्रीनप्ले सुना, तो वह उससे बेहद प्रभावित हुए। उनके मुताबिक, यह अब तक पढ़ी गई बेहतरीन स्क्रिप्ट्स में से एक है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म का शानदार प्रोडक्शन वैल्यू, विजुअल इफेक्ट्स और बारीकियों पर दिया गया ध्यान इसकी भव्यता को और बढ़ाता है। नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। अब ‘जय जय राम’ में आदिनाथ कोठारे की भरत के रूप में पहली झलक सामने आने के बाद दर्शकों की नजर इस भव्य फिल्म के अगले अपडेट पर टिकी है।

ये भी पढ़ें: ‘रामायण’ के पहले गाने ‘जय जय राम’ के पीछे की कहानी, कुमार विश्वास बोले- तीन शब्दों में समाई पूरी प्रार्थना

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!