जिसे देखो प्रोटीन के पीछे पड़ा है, डॉक्टर ने बताया प्रोटीन पाउडर या सप्लीमेंट लेने चाहिए या नहीं

फिटनेस और वर्कआउट करने वाले लोगों में प्रोटीन सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला शब्द है। जिम जाने वालों से लेकर वजन घटाने वालों कर हर कोई प्रोटीन का ज्यादा खाने और प्रोटीन सप्लीमेंट जैसे पाउडर और शेक लेने की सलाह दे रहा है। लेकिन क्या वाकई आपको रोजाना अलग से प्रोटीन सप्लीमेंट की जरूरत होती है। ज्या आपको ज्यादा प्रोटीन लेना चाहिए या सिर्फ ये एक फिटनेस ट्रेंड बन रहा है। आइये डॉक्टर से जानते हैं।

इंस्टाग्राम पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आलोक चोपड़ा ने एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें वो बता रहे हैं कि क्या प्रोटीन सप्लीमेंट या शेक हर किसी को अपनी डेली डाइट में शामिल करना चाहिए या नहीं? 

डॉक्टर आलोक चोपड़ा के मुताबिक प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी है। लेकिन सिर्फ इसलिए प्रोटीन शेक पीना शुरू न करें क्योंकि जिम में आपको किसी ने कहा है। ज्यादातर हेल्दी लोगों को प्रोटीन की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रोटीन शेक की जरूरत नहीं होती है।

रोज कितने प्रोटीन की जरूरत होती है?

डॉक्टर चोपड़ा के अनुसार, एक स्वस्थ इंसान को अपनी दैनिक प्रोटीन जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रोटीन शेक पीने की आवश्यकता नहीं होती है, बशर्ते आप संतुलित आहार में पर्याप्त प्रोटीन वाले खाने को शामिल करें। एक सामान्य स्वस्थ और कम फिजिकल एक्टिविटी करने वाले इंसान को प्रति किलोग्राम शरीर के वजन के हिसाब से प्रतिदिन करीब 0.8 ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता होती है। अगर आप बहुत ज्यादा व्यायाम करते हैं, आपकी उम्र बढ़ रही है, आप गर्भवती हैं या आपकी कुछ खास जरूरतें हैं तो ज्यादा प्रोटीन की जरूरत हो सकती है।

ज्यादा प्रोटीन खाने से क्या होता है?

डॉक्टर चोपड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ज्यादा मात्रा में प्रोटीन खाने से शरीर और उसकी चयापचय प्रक्रियाओं पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। 

किडनी पर दबाव- प्रोटीन के चयापचय के दौरान खराब पदार्थ उत्पन्न होते हैं जिन्हें किडनी को छानकर शरीर से बाहर निकालना पड़ता है। जब आप बिना जरूरत के ज्यादा प्रोटीन लेते हैं तो इससे किडनी पर छानने का भार बढ़ जाता है और अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसलिए ज्यादा प्रोटीन का सेवन ठीक नहीं है।

अधिक प्रोटीन का मतलब अधिक मांसपेशियां नहीं है- कुछ लोगों को लगता है कि ज्यादा प्रोटीन लेने से मांसपेशियों का आकार अपने आप ही बढ़ जाता है, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। अधिक प्रोटीन का मतलब अधिक मांसपेशियां नहीं होता। खाने में 20 से 30 ग्राम अच्छी क्वालिटी का प्रोटीन अक्सर मांसपेशियों में प्रोटीन पहुंचाने के लिए पर्याप्त होता है।

ज्यादा प्रोटीन खाने के नुकसान

अगर आप बहुत ज्यादा मात्रा में प्रोटीन का सेवन करते हैं तो इससे कई बार स्वास्थ्य संबंधी अनावश्यक समस्याएं हो सकती हैं। संवेदनशील लोगों में ज्यादा प्रोटीन खाने से डिहाइड्रेशन, किडनी में स्टोन और कई बार गठिया जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। अगर आप प्रोटीन खा रहे हैं तो प्रोटीन शेक में मौजूद चीज़ों पर ध्यान दें। कई पैकेटबंद शेक में मिठास, स्वाद बढ़ाने वाले पदार्थ, स्टेबलाइज़र और अन्य एडिटिव्स हो सकते हैं।

खाने में प्रोटीन कैसे बढ़ाएं

खाने में ऐसी कई चीजें हैं जिससे शरीर को नेचुरली प्रोटीन ज्यादा मिलता है। इसके लिए अगर आप नॉनवेज में अंडे, चिकन, मछली, सी फूड और लो फैट मीट खा सकते हैं। शाकाहारी लोग दाल, पनीर, टोफू, टेम्पेह, दही, ग्रीक योगर्ट, बीन्स, चना, मसूर, मेवे, बीज और बाजरा खा सकते हैं। ये फूड प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!