जिस चेहरे में दिखे थे राम, अब उसी में दिखा दशरथ का राजसी रूप, ‘रामायण’ से अरुण गोविल का फर्स्ट लुक जारी

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म से अब दिग्गज अभिनेता अरुण गोविल का पहला लुक सामने आया है। अभिनेता इस बार भगवान राम के पिता और अयोध्या के राजा दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे। सामने आए पोस्टर में अरुण गोविल बेहद शाही अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका राजसी पहनावा और गंभीर भाव राजा दशरथ के व्यक्तित्व की झलक देते हैं। इस पोस्टर के सामने आने के साथ ही फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। इससे पहले फिल्म का गाना रिलीज हुआ था, जिसे लोगों ने पसंग किया।

जिस चेहरे ने निभाया था राम, अब बने राम के पिता

अरुण गोविल के लिए यह भूमिका इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने रामानंद सागर की मशहूर धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर देशभर में अलग पहचान बनाई थी। उस दौर में उनके निभाए राम के किरदार को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि आज भी उनके नाम के साथ यह भूमिका जुड़ी हुई है। अब कई दशक बाद अरुण गोविल एक बार फिर रामायण की दुनिया में लौटे हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार भगवान राम का नहीं, बल्कि उनके पिता राजा दशरथ का है। फिल्म के निर्माताओं ने उनका पहला पोस्टर साझा करते हुए उनके पुराने राम के किरदार का भी जिक्र किया। पोस्टर के साथ बताया गया कि जिस अभिनेता ने एक पीढ़ी के सामने राम को जीवंत किया था, वही अब अयोध्या के राजा दशरथ के रूप में रामायण की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। अरुण गोविल का यह नया रूप प्रशंसकों के लिए भावनात्मक जुड़ाव वाला भी माना जा रहा है।

राम, सीता और लक्ष्मण का लुक भी आया सामने

इससे पहले सितंबर में फिल्म के प्रमुख किरदारों के पोस्टर भी जारी किए गए थे। इनमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आए। तीनों कलाकारों को एक साथ दिखाने वाले पोस्टर ने फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी थी। पोस्टर में राम, सीता और लक्ष्मण के बीच का भावनात्मक रिश्ता उभरकर सामने आया था। फिल्म में यश लंकापति रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, लारा दत्ता और सौरभ सचदेवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ऐसे में फिल्म की स्टारकास्ट इसे बड़े स्तर की पौराणिक फिल्मों में शामिल करती है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य फिल्म

‘रामायण पार्ट 1’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। उन्होंने श्रीधर राघवन के साथ मिलकर फिल्म की पटकथा पर भी काम किया है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म के निर्माण में बड़े स्तर पर दृश्य प्रभावों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे रामायण की दुनिया को भव्य रूप में पर्दे पर पेश करने की तैयारी है। फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स संभालेगा, जबकि भारत में हिंदी भाषी क्षेत्रों के वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस के पास होगी। ‘रामायण पार्ट 1’ को दुनिया भर में आईमैक्स प्रारूप में भी प्रदर्शित किया जाएगा।

दिवाली 2026 पर आएगी ‘रामायण पार्ट 1’

नितेश तिवारी की यह फिल्म दो हिस्सों में दर्शकों तक पहुंचेगी। ‘रामायण पार्ट 1’ को दिवाली 2026 के दौरान दुनियाभर में प्रदर्शित करने की योजना है। इसके बाद फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। अरुण गोविल का दशरथ के रूप में पहला लुक सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के बाकी किरदारों और आगे जारी होने वाली झलकियों पर टिकी है।

ये भी पढ़ें: सराया बनने वाली हैं बड़ी बहन, कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर फिर गूंजेगी किलकारी, नन्हे जूते दिखाकर दी खुशखबरी

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!