लोहे की ग्रिल पर गिरी फूल तोड़ने गई बच्ची, हाथ में घुस गया सरिया, AIIMS में हुई सर्जरी

ओडिशा के पुरी जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पूजा के लिए फूल तोड़ने गई एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक बच्ची फूल तोड़ने के लिए पेड़ के ऊपर चढ़ी थी। इसी दौरान फूल तोड़ने की कोशिश के दौरान पैर फिसलने की वजह से वह एक लोहे की ग्रिल वाले गेट पर गिर गई। इससे लोहे की ग्रिल का सरिया उसके हाथ में घुस गया। यह घटना डेलांग थाना क्षेत्र के जमुना गांव में हुई।

फूल तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, घायल बच्ची की पहचान सुप्रिया राय के रूप में हुई है। सुप्रिया खुदुरुकुनी पूजा के लिए फूल इकट्ठा करने गई थी। जिस जगह फूल थे, वहां का गेट बंद था। गेट बंद होने के कारण सुप्रिया फूलों तक पहुंचने के लिए दीवार पर चढ़ गई। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गई और लोहे की ग्रिल का एक सरिया उसके हाथ में घुस गया। हादसे के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

ग्रिल काटकर बच्ची को पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को इसकी जानकारी दी। वहीं सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बच्ची को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रिल को काटकर बच्ची को रेस्क्यू किया गया। इस दौरान ग्रिल बच्ची के हाथ में ही फंसी रही। इसके बाद सुप्रिया को इलाज के लिए पास के जटनी अस्पताल ले जाया गया।

एम्स भुवनेश्वर में इलाज जारी

बताया जा रहा है कि जटनी के अस्पताल में बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में एम्स भुवनेश्वर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके हाथ में घुसे लोहे के ग्रिल के सरिए को बाहर निकाला। फिलहाल बच्ची को इलाज के लिए AIIMS भुवनेश्वर में ही भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बच्ची के हाथ में लोहे की ग्रिल घुसी हुई है। वहीं एक अन्य वीडियो में परिजन उसे कंधे पर बैठाकर ले जाते हुए दिखे। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

हैदराबाद में AIMIM नेता की हत्या, पांच लोगों ने चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!