हैदराबाद में AIMIM नेता की हत्या, पांच लोगों ने चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में AIMIM के एक कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रविवार की रात पांच लोगों के एक गुट ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

घर के पास चाकू गोदकर हत्या

पुलिस ने सोमवार को बताया कि AIMIM के एक कार्यकर्ता की उसके घर के पास एक गैंग ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना रविवार रात वट्टेपल्ली में हुई। पुलिस अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि महबूब अली (उम्र 50 के आसपास) पर पांच लोगों के एक गुट ने चाकू से हमला कर दिया। इन लोगों को मृतक के ही एक रिश्तेदार ने काम पर लगाया था। महबूब अली को चाकू लगने से बहुत ज़्यादा खून बहने लगा था। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

फलकनुमा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के बाद मौके से भागने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर फलकनुमा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।

विधायक ने परिजनों से की मुलाकात

वहीं घटना के बाद AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन ने महबूब अली के घर जाकर उनके परिवार वालों से मुलाकात की। इन्होंने घटना पर शोक भी व्यक्त किया। विधायक मोहम्मद मुबीन ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “AIMIM कार्यकर्ता मरहूम महबूब अली साहब की बेरहमी से की गई हत्या से बहुत दुख और सदमा पहुंचा है। वट्टेपल्ली में अज्ञात हमलावरों ने घातक हथियारों से उन पर हमला किया था।”

दोषियों को सजा दिलाने की मांग

बाद में, विधायक फलकनुमा पुलिस स्टेशन गए और अधिकारियों से कहा कि वे इस अपराध के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त और तुरंत कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि दोषियों को सज़ा मिले। विधायक मोहम्मद मुबीन ने कहा, “हम तेलंगाना सरकार और हैदराबाद पुलिस से अपील करते हैं कि वे गश्त बढ़ाएं, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसें और ड्रग्स व हिंसक अपराधों के बढ़ते खतरे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।” (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

कौशांबी की पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, आस-पास के मकान हुए ध्वस्त; कई लोगों के हताहत होने की आशंका

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!