बेल्जियम के PM ने जमकर लिए डोनाल्ड ट्रंप के मजे, भारत की धरती से बिना नाम लिए बोल दी बड़ी बात; गूंजने लगीं तालियां

Highlights

  • बेल्जियम PM ने बिना नाम लिए ट्रंप की बदलती टैरिफ नीति पर तीखा तंज कसा।
  • डी वेवर ने प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया के सबसे प्रेरणादायक और समझदार नेताओं में बताया।
  • भारत-बेल्जियम ने अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य तय किया।

मुंबई: बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बदलती टैरिफ और व्यापार नीतियों पर बिना उनका नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया में कई देश अब व्यापारिक बाधाएं बढ़ाने, बाजार बंद करने और टैरिफ लगाने की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे फैसलों को ‘मनमाना’ बताते हुए ‘ओपन मार्केट’ और मजबूत आर्थिक साझेदारी की जरूरत पर जोर दिया। मुंबई में शुक्रवार को भारत-बेल्जियम हाई-लेवल डायलॉग के दौरान डी वेवर ने भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते पर बात की।

‘सोमवार को फैसला, बुधवार को वापस…’

बेल्जियम के पीएम ने भारत की अपनी 3 दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान उन्होंने बढ़ते संरक्षणवाद को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा,

‘आज ज्यादा से ज्यादा आवाजें उठ रही हैं कि व्यापारिक बाधाएं बढ़ाई जाएं, बाजारों को बंद कर दिया जाए और टैरिफ लगाए जाएं। कुछ लोग ऐसा पूरी तरह मनमाने तरीके से करते हैं। वे सोमवार को कोई फैसला लेते हैं, बुधवार को उसे वापस ले लेते हैं और शनिवार को फिर से लागू कर देते हैं।’

‘आपकी तालियां मुझे बता रही हैं कि…’

डी वेवर की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। इसके बाद डी वेवर ने मजाकिया अंदाज में कहा,

‘आपकी तालियां मुझे बता रही हैं कि आप जानते हैं कि मैं किसकी बात कर रहा हूं।’

हालांकि, इस बयान में उन्होंने ट्रंप का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया। लेकिन यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति की टैरिफ नीति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर बार-बार बदलते अमेरिकी रुख के संदर्भ में आया।

‘कुछ देश जानबूझकर बाजार बिगाड़ रहे’

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी व्यापार प्रतिबंध एक जैसे नहीं होते। उनके मुताबिक, कुछ देश मनमाने तरीके से फैसले लेते हैं, जबकि कुछ देश जानबूझकर और व्यवस्थित तरीके से बाजार को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अलग तरीका अपनाते हैं और जानबूझकर और व्यवस्थित तरीके से बाजार को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। डी वेवर ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितता से गुजर रही है, व्यापार व्यवस्था अनुमान के मुताबिक चलने वाली और नियमों पर आधारित होनी चाहिए।

बेल्जियन पीएम ने की पीएम मोदी की तारीफ

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात थी क्योंकि मैं उन्हें दुनिया के सबसे प्रेरणादायक नेताओं में से एक मानता हूं। दुनिया के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए डी वेवर ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया काफी अनिश्चित दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा,

‘हम एक अराजक दुनिया में रह रहे हैं। जब आप कई विश्व नेताओं को सुनते हैं तो आपको डर, बेचैनी और खतरा महसूस होता है। लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं तो आपको लगता है कि हमें वही करना चाहिए जो वह कहते हैं। वह एक समझदार नेता हैं।’

रक्षा से लेकर टेक्नोलॉजी तक सहयोग

भारत और बेल्जियम अब रक्षा के साथ-साथ क्लीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी, व्यापार और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में पीएम मोदी और डी वेवर की मौजूदगी में MoU भी साइन हुआ था। डी वेवर फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बने थे और प्रधानमंत्री के तौर पर यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन के अलावा अधिकारियों और कारोबारी नेताओं का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

ये भी पढ़ें: “हबीबी, ईरान आओ ना”, तेहरान ने अमेरिका की धमकी का मज़ाक उड़ाया, ट्रंप को कहा- अंकल सैम

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!