कौन है ‘मिर्जापुर द मूवी’ में कालीन भैया का असली दुश्मन? बिरजू लोहार बन मोहित मलिक ने मचाई तबाही, बीना भाभी के लव में हुए फना

‘मिर्जापुर’ की दुनिया में दुश्मनी कभी सीधी नहीं होती और यहां हर मुस्कान के पीछे कोई चाल तो हर रिश्ते के पीछे कोई राज छिपा होता है। ऐसे में ‘मिर्जापुर द मूवी’ में जब कालीन भैया के सामने एक नया खिलाड़ी आता है तो कहानी का भौकाल अपने आप बढ़ जाता है। इस बार मोहित मलिक ने बिरजू लोहार के किरदार में ऐसी एंट्री मारी है कि पुराने खिलाड़ियों के बीच उनकी मौजूदगी अलग ही हलचल पैदा कर देती है। बिरजू सिर्फ बंदूक और दबंगई लेकर नहीं आता, बल्कि उसके किरदार में प्यार, वफादारी और खतरनाक जुनून का भी तड़का है। वो अपनी छिटंकी के प्यार में कुछ भी कर गुजरने को तैयार है। खास बात यह है कि बीना भाभी के साथ उसका रिश्ता कहानी को एक अलग रंग देता है तो आखिर बिरजू लोहार कौन है और क्या वह वाकई कालीन भैया का सबसे बड़ा दुश्मन है? ये जानने के साथ ही आपको ये भी बताते हैं कि इस किरदार में जान फूंकने वाले मोहित मलिक कौन हैं और कभी टीवी के पर्दे पर राज करने वाले एक्टर बड़े पर्दे पर कैसे छाए।

कैसा है मोहित का कहानी में किरदार और क्या है कालीन भैया से दुश्मनी?

मोहित मलिक ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ में बिरजू लोहार के किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी है। उनका किरदार बब्बन यादव (रवि किशन) के वफादार के रूप में सामने आता है, जो छटंकी से लोगों पर हमला करता है। कहानी आगे बढ़ती है तो वफादारी के साथ प्यार, महत्वाकांक्षा और खतरनाक तेवर का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है। पत्ते खुलने के साथ पता चलता है कि बिरजू की कालीन भैया से सालों पुरानी दुश्मनी है, जो किसी और से नहीं बल्कि बीना से जुड़ी है। बिरजू बीना भाभी का पुराना लवर है, जबरन हुई बीना की शादी के चलते और कालीन भैया के खौफ के चलते उसे बीना से दूर जाना पड़ा, लेकिन वो हर पल बदले की आग में जलता रहा और मौका खोजकर कालीन भैया को मार देना चाहता है, इसी के इर्द-गिर्द पूरी कहानी डेवेलप की गई है, जहां उसे जिंदगी में एक बार फिर बीना भाभी का साथ मिलता है और फिर अंत में बीना से धोखा भी मिलता है। इस किरदार को मोहित मलिक ने पूरी इमानदारी से निभाया है और जान फूंक दी है। कहानी में लगता है बब्बन असल दुश्मन है लेकिन आगे चलकर साफ होता है कि असल खेल तो बिरजू और बीना खेल रहे हैं।

कौन हैं मोहित मलिक?

टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद अब मोहित मलिक बड़े पर्दे पर भी अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। करीब दो दशक लंबे अभिनय सफर में मोहित ने रोमांटिक किरदारों से लेकर गंभीर और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं तक कई रंग दिखाए हैं। छोटे पर्दे पर उनकी लोकप्रियता ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और अब फिल्मों में उनकी मौजूदगी उनके करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रही है। मोहित मलिक ने अभिनय की दुनिया में कदम साल 2005 में धारावाहिक ‘मिली’ के जरिए रखा था। शुरुआत भले ही छोटे पर्दे से हुई, लेकिन जल्द ही उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता के दम पर दर्शकों के बीच जगह बना ली। इसके बाद ‘डोली अरमानों की’, ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’, ‘लॉकडाउन की लव स्टोरी’ और ‘बातें कुछ अनकही सी’ जैसे धारावाहिकों में उनके काम को पसंद किया गया। खासतौर पर कुल्फी कुमार बाजेवाला में उनके किरदार ने उन्हें टीवी दर्शकों के बीच एक मजबूत पहचान दिलाई।

अजय देवगन की फिल्म से हुई बॉलीवुड में एंट्री

मोहित ने सिर्फ धारावाहिकों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने रियलिटी शो की दुनिया में भी अपनी किस्मत आजमाई और अपने व्यक्तित्व का अलग पहलू दर्शकों के सामने रखा। ‘झलक दिखला जा’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। खतरों से भरे मुकाबले वाले शो में उन्होंने अपनी शारीरिक क्षमता और साहस का भी प्रदर्शन किया। लगातार टीवी पर काम करने के बाद मोहित मलिक ने फिल्मों की ओर रुख किया। बड़े पर्दे पर उनकी शुरुआत फिल्म ‘आजाद’ से हुई। हालांकि फिल्मी दुनिया में उनकी पारी की शुरुआत टीवी जितनी लंबी नहीं रही है, लेकिन हर नई भूमिका के साथ वह खुद को अलग तरीके से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। अब मिर्जापुर द मूवी उनके फिल्मी सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर सामने आई है।

अब ‘मिर्जापुर द मूवी’ में छोड़ी छाप

फिल्म में मोहित मलिक बिर्जू लोहार के किरदार में नजर आते हैं। यह भूमिका उनके लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें उन्हें एक ऐसे किरदार को निभाने का मौका मिला है, जिसमें वफादारी, भावनाएं और खतरनाक तेवर एक साथ दिखाई देते हैं। फिल्म की कहानी आगे बढ़ने के साथ उनका किरदार दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाता है और मोहित अपने अभिनय से इसे प्रभावशाली बनाने की कोशिश करते हैं। मोहित की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि उन्होंने अपने करियर को सिर्फ एक तरह के किरदारों तक सीमित नहीं रखा। टीवी पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाने के बाद अब वह फिल्मों में भी खुद को साबित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मिर्जापुर द मूवी में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और रसिका दुग्गल जैसे अनुभवी कलाकारों के बीच नजर आना उनके लिए बड़ी चुनौती भी है और बड़ा अवसर भी।

मोहित मलिक की पर्सन लाइफ

मोहित मलिक की निजी जिंदगी भी उनकी प्रोफेशनल जर्नी की तरह चर्चा में रही है। अभिनेता ने अभिनेत्री अदिति शिरवाइकर से शादी की है। दोनों की मुलाकात टीवी इंडस्ट्री के दौरान हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। इस कपल ने 2010 में शादी की थी। मोहित और अदिति लंबे समय से एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े नजर आते हैं। दोनों सोशल मीडिया पर भी अपनी जिंदगी से जुड़े खास पलों की झलक साझा करते रहते हैं। कपल दो बच्चों के माता-पिता हैं। मोहित अक्सर अपने परिवार के साथ समय बिताने को लेकर बात करते हैं और उनकी निजी जिंदगी में परिवार की अहम भूमिका दिखाई देती है।

ये भी पढ़ें: मिर्जापुर द मूवी खत्म होने के बाद भी कहानी बाकी, पोस्ट-क्रेडिट सीन में तगड़ा सस्पेंस देख पूछेंगे- अब मुन्ना-गुड्डू का आगे क्या होगा?

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!