लौकी का नाम सुनते ही घर के बच्चे से लेकर बड़े तक सभी लोग मुंह बनाने लगते हैं। अगर घर में लौकी की सब्जी बन जाए तो किसी का भी खाना खाने का मन नहीं करता। लेकिन यहां हम आपको लौकी की एक ऐसी टेस्टी डिश के बारे में बताने जा रहे हैं जिसका नाम सुनते ही आपके मुंह में पानी आ जाएगा। हम जिस डिश की बात कर रहे हैं वो है लौकी का हलवा। ये खाने में काफी स्वादिष्ट लगता है, साथ ही साथ हेल्दी भी माना जाता है। ऐसे में यहां हम आपके लिए लौकी हलवा की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- लौकी: 500 ग्राम (ताजी और नरम)
- दूध: 2 कप (फुल क्रीम)
- देश देसी घी: 3-4 बड़े चम्मच
- चीनी: 1/2 कप
- मावा/खोया या मिल्क पाउडर: 1/2 कप
- इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- ड्राई फ्रूट्स: 10-12 बादाम, 10-12 काजू और 8-10 पिस्ता (बारीक कटे हुए)
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद इसे कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि लौकी के बीच का बीजों वाला हिस्सा निकाल दें और सिर्फ बाहरी हिस्सा ही कद्दूकस करें।
स्टेप 2
इसके बाद एक भारी तले की कढ़ाई में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और 4-5 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें ताकि इसका कच्चापन और अतिरिक्त पानी सूख जाए। अब इसमें 2 कप दूध मिलाएं। आंच मध्यम रखें और बीच-बीच में चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक लौकी दूध को पूरी तरह सोख न ले।
स्टेप 3
जब दूध सूख जाए, तब इसमें चीनी डालें। चीनी डालते ही हलवा फिर से थोड़ा पतला हो जाएगा। इसे तब तक चलाते रहें जब तक चीनी का पानी पूरी तरह सूख न जाए। इसके बाद बचा हुआ 2-3 चम्मच देसी घी डालें और हलवे को 4-5 मिनट तक अच्छी तरह भूनें।
स्टेप 4
अब इसमें मावा या मिल्क पाउडर और इलायची पाउडर डालें। मावा डालने से हलवे में एकदम हलवाई जैसा रिच और मलाईदार स्वाद आता है। धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें जब तक कि हलवा कढ़ाई के किनारे न छोड़ने लगे।
स्टेप 5
लास्ट में कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर अच्छी तरह गार्निश करें और सर्व करें।








