चटपटा खाना है तो बनाएं चना दाल की नमकीन, मिनटों में तैयार हो जाएगी ये रेसिपी

चाय के साथ नमकीन खाना लोगों को खूब पसंद होता है। अगर आप भी चटपटा, क्रंची और कुछ तीखा मजेदार खाना चाहते हैं तो घर में आसानी से चना दाल की नमकीन बना सकते हैं। मार्केट में मिलने वाली नमकीन में कई बार एक ही तेल का इस्तेमाल करते रहते हैं। जिससे नमकीन में पुराने तेल जैसी महक आने लगती है। आप इसकी जगह घर में शुद्ध और अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी तेल इस्तेमाल कर सकते हैं। आइये जानते हैं चना दाल बनाने की रेसिपी।

चना दाल की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले 1 कप चना दाल लें, जो दाल आप घर में इस्तेमाल करते हैं वही दाल लेनी है। अब चना दाल को अच्छी तरह से फुलाने के लिए पानी डाल दें। पानी में एक चौथाई मीठा सोड़ा पानी में डालकर दाल को 6-8 घंटे के लिए भिगो दें। चना दाल फूलकर डबल हो जाएगी।

दूसरा स्टेप- अब 3-4 बार पानी से भीगी हुआ दाल को अच्छी तरह से धो लें। ध्यान रखें दाल पर सोड़ा नहीं होना चाहिए। जब साफ पानी निकलने लगे तो दाल को धोना बंद कर दें। अब धुली दाल को किसी मोटे कपड़े पर फैला दें। ऊपर से एक कपड़ा और डाल दें जिससे दाल हल्की सूख जाएगी।

तीसरा स्टेप- चना दाल के लिए मसाला तैयार करना है। इसके लिए 1 चम्मच चाट मसाला, एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर, 1 चम्मच आमचूर पाउडर, थोड़ा सादा नमक, थोड़ा काला नमक, 1 चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार लें। सारे मसाले को मिक्सी में डालकर एक बार चला लें। मसाला बनकर तैयार है। 

चौथा स्टेप- दूसरा मसाला बनाने के लिए 1 चम्मच सौंफ लें। 1 से डेढ चम्मच खसखस, 2 चम्मच सूखा पुदीना, 1 चम्मच पिसी चीनी लें। अब सौंफ और पोस्ता दाना को हल्का रोस्ट कर लें। पुदीना डालें और मिक्स करें, अब चीनी डालकर इन सारी चीजों को मिलाकर पीस लें।

पांचवां स्टेप- अब कड़ाही में नमकीन फ्राई करने के लिए तेल डालें और गर्म होने दें। अब दाल को कपड़े की मदद से पोंछ लें। तेल के गर्म होने पर दाल डालकर फ्राई कर लें। दाल को फ्राई करते वक्त गैस की फ्लेम तेज रखें। दाल को थोड़ा-थोड़ा डालते हुए फ्राई करें। अब दाल में अपनी पसंद से हिसाब से मसाला मिला दें। आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी मसाला मिला सकते हैं।

करी पत्ता को भी तेज गर्म तेल में फ्राई कर लें। इसे भी नमकीन में मिला दें। अब दाल ठंडी हो जाए तो इसमें थोड़ा सौंफ, पुदीने वाला मसाला भी मिला दें। सौंफ वाले मसाले तो ठंडा होने पर ही मिलाएं, क्योंकि इसमें चीनी होने की वजह से नमी आ सकती है। अब दाल को ठंडा होने दें और फिर इसे किसी कांच के एयर टाइट डब्बे में भर दें।

 

 

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!