IRDAI के नए प्लान से Policybazaar के शेयर में आया भूचाल, दो दिन में 40% से ज्यादा टूटा स्टॉक; जानें क्या है पूरा मामला

शेयर बाजार में किसी कंपनी के लिए एक खबर कितनी बड़ी हलचल पैदा कर सकती है, इसका ताजा उदाहरण PB Fintech यानी पॉलिसीबाजार के शेयर में देखने को मिला। बीमा रेगुलेटर IRDAI के एक नए प्रस्ताव के बाद निवेशकों में कंपनी की कमाई और मार्जिन को लेकर चिंता बढ़ी। इसका असर शेयर पर ऐसा पड़ा कि महज दो कारोबारी दिनों में स्टॉक 40 फीसदी से ज्यादा नीचे आ गया।

PB फिनटेक का शेयर बुधवार को करीब ₹1,893 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके बाद गुरुवार के कारोबार में इसमें भारी बिकवाली देखने को मिली। शेयर गिरकर ₹1,207.20 के 52-वीक लो तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में मामूली रिकवरी के बावजूद शेयर करीब 35 फीसदी की गिरावट के साथ ₹1,244 के आसपास बंद हुआ। शुक्रवार को भी शुरुआती कारोबार में करीब 4 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई और शेयर ₹1,125 के आसपास कारोबार करता नजर आया। इस तरह बुधवार के बंद स्तर से देखें तो दो दिनों में स्टॉक 40 फीसदी से ज्यादा नीचे आ चुका था।

मार्केट कैप में ₹32,000 करोड़ से ज्यादा की कमी

शेयर में आई इस भारी गिरावट का सीधा असर कंपनी के मार्केट कैप पर पड़ा। एक ही कारोबारी सत्र में कंपनी का बाजार मूल्यांकन ₹33,000 करोड़ से अधिक घट गया। शुक्रवार को कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹55,310 करोड़ के स्तर पर आ गया था।

IRDAI के प्रस्ताव से क्यों बढ़ी चिंता?

पॉलिसीबाजार के शेयर में गिरावट की मुख्य वजह IRDAI का इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स में कमीशन, डिस्ट्रीब्यूशन पेमेंट और खर्चों से जुड़े नियमों में बदलाव का प्रस्ताव माना जा रहा है। प्रस्ताव में जीवन, स्वास्थ्य और मोटर इंश्योरेंस समेत अलग-अलग बीमा कारोबार में कमीशन और वितरण भुगतान को लेकर सीमाएं तय करने की बात है। साथ ही कर्ज के साथ बीमा बेचने के मामले में भुगतान व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव भी शामिल है। निवेशकों को चिंता है कि अगर बीमा वितरण पर मिलने वाला कमीशन घटता है, तो पॉलिसीबाजार जैसी कंपनियों की कमाई और मार्जिन पर दबाव आ सकता है।

जैफरीज ने भी जताई कमाई पर चिंता

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस जैफरीज ने भी IRDAI के प्रस्ताव को बीमा वितरण कारोबार के लिए एक संभावित जोखिम बताया है। उसके अनुमान के मुताबिक कमीशन दरों में 10 फीसदी की कटौती होने पर PB फिनटेक और टर्टलमिंट की आय में करीब 10-12 फीसदी तक असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 1200 अंक और निफ्टी 380 अंक टूटा; आखिर मार्केट में क्यों आई सुनामी?



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/policybazzar-1790315896.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!