मुश्किल में मैरी कॉम, पूर्व पति ओनलर ने किया मानहानि का केस: रिपोर्ट

ओलंपिक मेडलिस्ट मैरी कॉम के पूर्व पति ओनलर कॉम ने बॉक्सर पर मानहानि का केस किया है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू की है। मैरी कॉम अभी ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं। ओनलर ने मैरी कॉम पर आरोप लगाया है कि उन्होंने टेलीविजन और दूसरे इंटरव्यू में उनके बारे में नुकसान पहुंचाने वाली बातें कही हैं। मैरी कॉम और ओनलर लंबे समय से अपने रिश्ते को लेकर खबरों में बने हुए है, जिसने अब एक नया मोड़ ले लिया है। 

मैरी कॉम पर पूर्व पति ओनलर ने किया मानहानि का केस

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत अगर उन्हें दोषी ठहराया जाता है तो सजा के तौर पर दो साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को तय की गई है। मैरी की टिप्पणियों के बाद से ही ओनलर कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे थे। हिंदुस्तान टाइम्स को दी गई जानकारी में एक सूत्र ने कहा, ‘जब से मैरी ने एक टीवी शो और बाद में अन्य मंचों पर भी उनके खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं तब से ही ओनलर कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे थे।’

ओनलर कॉम का बयान

संपर्क करने पर ओनलर ने पुष्टि की कि वह इस मामले को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन कानूनी कार्यवाही जारी होने का हवाला देते हुए आरोपों पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ओनलर ने पुष्टि की कि वह इस मामले को आगे बढ़ा रहे हैं और पब्लिकेशन से कहा, ‘मेरा केस मजबूत है। मुझे भारत की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है। मामला अभी कोर्ट में है, इसलिए मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।’ अगली सुनवाई 19 नवंबर को होनी है।

जब मैरी कॉम ने पूर्व पति पर लगाया था आरोप

मैरी ने पहले भी अपने पति ओनलर पर पैसों को लेकर आरोप लगाए थे। ‘आप की अदालत’ में उन्होंने आरोप लगाया था कि ओनलर ने उनके बॉक्सिंग करियर से कमाए करोड़ों रुपयों में उनके साथ धोखाधड़ी की। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी प्रॉपर्टी गिरवी रखी गई और उनकी सही मंजूरी के बिना संपत्तियां ओनलर के नाम ट्रांसफर कर दी गईं। ओन ने इन आरोपों को बार-बार नकारा है और जवाब में मैरी के शादी के दौरान के व्यवहार को लेकर उन पर पलटवार करते हुए आरोप लगाए हैं। उन्होंने मैरी को उन आरोपों को साबित करने की चुनौती भी दी थी। ओनलर के करीबी एक सूत्र ने बताया कि उन्होंने शुरू में इस मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला किया था, क्योंकि वह और झगड़ा नहीं चाहते थे।

ओनलर और मैरी कॉम का रिश्ता

मैरी और ओनलर की लव स्टोरी 2000 में दिल्ली में शुरू हुई थी। ओनलर, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी की लॉ फैकल्टी में स्टूडेंट थे। उन्होंने मैरी की मदद तब की थी, जब एक कॉम्पिटिशन के रास्ते में उनका सामान खो गया था। उन्होंने 2005 में शादी की। 2007 में जुड़वां बेटे हुए और 2013 में एक और बेटा हुआ। 2018 में मैरी की बेटी की चाहत पूरी करने के लिए उन्होंने एक बेटी को गोद लिया। फुटबॉलर ओनलर ने अपने करियर को कुछ समय के लिए रोकने का फैसला किया ताकि वे बच्चों की परवरिश कर सकें और घर की देखभाल कर सकें। जुनूनी बॉक्सर मैरी के नाम छह वर्ल्ड चैंपियनशिप और एक ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल है। उनके अलग होने की खबर सामने आने के कुछ समय बाद मैरी ने पुष्टि की कि दोनों ने 2023 में ‘कॉम कस्टमरी लॉ’ के तहत तलाक ले लिया था।

ये भी पढ़ें – माही विज भूलीं मैरी कॉम का नाम, ‘योगदान’ को लेकर हुई गहमा-गहमी, उदिति बोलीं- ‘लीजेंड हैं तो क्या सिर पे उठा लें?’

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!