निकोलस मादुरो की डिटेंशन सेंटर से पहली तस्वीर आई सामने, हिरासत में लिए जाने के बाद दिया खास संदेश

वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने जनवरी में पकड़े जाने के बाद से अमेरिकी हिरासत में अपनी पहली तस्वीरें शेयर की है। मदुरो ने रविवार, 30 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वे ग्रे रंग का ट्रैकसूट और सफेद स्नीकर्स पहने हुए, मुस्कुराते हुए और हाथों से जीत का इशारा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि ये तस्वीरें न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के अंदर ली गई हैं, जहां वे हिरासत में हैं। हालांकि, ये तस्वीरें हाल की नहीं हैं। तस्वीरों पर एक टाइमस्टैम्प है जिससे पता चलता है कि ये 25 जून, 2026 को ली गई थीं, जबकि इन्हें सार्वजनिक रूप से 30 अगस्त को ही जारी किया गया था।

मादुरो ने पोस्ट में क्या लिखा

निकोलस मादुरो ने तस्वीरों के साथ अपने पोते-पोतियों, बच्चों और समर्थकों के नाम एक संदेश भी भेजा। उन्होंने लिखा, “मैं ये तस्वीरें अपने सभी पोते-पोतियों, बच्चों और हमें चाहने वाले सभी अच्छे लोगों के लिए एक छोटे से तोहफे के तौर पर भेज रहा हूं।” उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनके समर्थक जानें कि वह और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस मजबूती से डटे हुए हैं। मादुरो ने कहा, “मैं चाहता हूं कि आप जानें कि हम मजबूती से खड़े हैं और हमारा दिल आपके प्यार से भरा है।” उन्होंने समर्थकों का उनके शब्दों, इशारों, दुआओं और एकजुटता के लिए धन्यवाद किया। संदेश के एक और हिस्से में मादुरो ने कहा कि वह और उनके समर्थक “मजबूत, शांत और आत्मविश्वास से भरे” रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि “ईश्वर हमारे साथ है” और वेनेजुएला फिर से उठ खड़ा होगा।

तस्वीरों में क्या दिख रहा है?

इन दो तस्वीरों में मादुरो एक सादी दीवार के सामने खड़े दिख रहे हैं। तस्वीरों से ऐसा लगता है कि यह जगह किसी डिटेंशन सेंटर (हिरासत केंद्र) की है। एक तस्वीर में उन्होंने चश्मा पहना हुआ है और दोनों हाथ उठाकर जीत का इशारा (विक्ट्री साइन) कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में, उन्होंने एक हाथ में चश्मा पकड़ा हुआ है और दूसरे हाथ से जीत का इशारा कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पकड़े जाने से पहले की तस्वीरों की तुलना में मादुरो अब पतले लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तस्वीरें जून में ‘फादर्स डे’ वाले हफ़्ते में ली गई थीं। 

जनवरी में पकड़े गए मादुरो पर क्या हैं आरोप

बता दें कि मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को जनवरी में काराकस में अमेरिकी सेना के एक ऑपरेशन के दौरान पकड़ा गया और अमेरिका ले जाया गया। उन्हें ब्रुकलिन में रखा गया है और उन पर ड्रग तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों सहित कई संघीय आरोप हैं, जिनसे वे इनकार करते हैं। मादुरो अपनी हिरासत को गैर-कानूनी बताते रहे हैं और अमेरिकी हिरासत में होने के बावजूद उन्होंने अपना राजनीतिक रुख बनाए रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी संघीय अदालत ने उनके मुकदमे की सुनवाई 1 जून, 2027 तय की है।

यह भी पढ़ें-

इजरायली PM नेतन्याहू के बेटे की जान को खतरा! अमेरिका से कराया गया इवैक्यूएट

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/08/untitled-2026-08-31t113639-1788156377.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!