न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक अफगान महिला पत्रकार उनसे तालिबान और अफगान महिलाओं को लेकर पाकिस्तान की नीति पर सवाल करती दिखाई देती हैं।
पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान तालिबान से अफगान महिलाओं के अधिकारों को लेकर क्या कहता है? क्या पाकिस्तान तालिबान पर अपनी नीतियों में बदलाव के लिए दबाव बनाएगा? पत्रकार ने यह सवाल भी उठाया कि जब पाकिस्तान तालिबान को अपना दोस्त मानता था, तब उसने महिलाओं को लेकर तालिबान की नीतियों का विरोध क्यों नहीं किया।
सवाल पर ख्वाजा आसिफ का विवादित इशारा
वीडियो में दिखाई देता है कि सवाल सुनने के बाद ख्वाजा आसिफ पत्रकार को बीच में रोक देते हैं। इसके बाद वह उनके कपड़ों की ओर इशारा करते हैं और कहते हैं कि इस तरह वापस मत जाना। इसके साथ ही, वह अपने हाथ को गले के पास ले जाकर एक इशारा करते हैं। मानो यह संकेत दिया कि अगर वह ऐसे अफगानिस्तान वापस गईं, तो उन्हें मारा जा सकता है। उनके आसपास मौजूद कुछ लोग इस दौरान हंसते हुए भी नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वीडियो शेयर करते हुए यूजर्स ने लिखा
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “एक अफगान महिला ने #KhawajaAsif से पाकिस्तान की तालिबान के साथ दोस्ती, तालिबान द्वारा #AfghanWomen के साथ किए जा रहे व्यवहार और इस सवाल पर एक जायज सवाल पूछा कि जब तालिबान को शुरुआत से ही दोस्त माना जाता था, तब पाकिस्तान ने उनकी इन नीतियों को चुनौती क्यों नहीं दी।” उनका जवाब था- “वापस मत जाना” और इसके साथ उन्होंने गले पर हाथ फेरने का इशारा किया, मानो यह संकेत दे रहे हों कि अगर वह अफगानिस्तान वापस गईं तो उन्हें मारा जा सकता है। इसके बाद वह और उनके आस-पास मौजूद पुरुष हंसने लगे।
यूजर्स ने आगे लिखा कि एक महिला के गंभीर सवाल का किसी वरिष्ठ सरकारी मंत्री द्वारा इस तरह जवाब देना बेहद शर्मनाक है। किसी महिला को मौत का इशारा करके धमकाना न तो मजाक है, न ताकत और न ही राजनेतृत्व। उस पर हंसना इस पूरे व्यवहार को और भी परेशान करने वाला बना देता है। अफगान महिलाओं की पीड़ा के बारे में सवाल पूछने वाली एक महिला को धमकी, उपहास और हंसी नहीं, बल्कि एक गंभीर जवाब मिलना चाहिए था। और तालिबान को भी शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने ऐसी परिस्थितियां पैदा की हैं, जिनमें अफागान महिलाओं को हर जगह धमकाया और अपमानित किया जा सकता है। अफगान महिलाएं सम्मान, सुरक्षा और बिना किसी डर के अपनी बात कहने की आजादी की हकदार हैं।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव
बता दें कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के बीच सीमा पर लगातार तनाव और सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आ रही हैं। पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक और ड्रोन हमले किए। पाकिस्तान का कहना था कि यह कार्रवाई अफगानिस्तान से हुए ड्रोन हमलों के जवाब में की गई। पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने ऐसे ठिकानों को निशाना बनाया, जहां ड्रोन लॉन्च और स्टोर किए जाने की जानकारी थी। वहीं, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की कार्रवाई को आक्रामक कदम बताते हुए इसकी निंदा की। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि इन हमलों में चार अफगान नागरिकों की मौत हुई।
ये भी पढ़ें-
सरकारी पैसे से ट्रंप का पुराना चुनावी विज्ञापन हुआ ऑन एयर, अमेरिका में विवाद शुरू
चीन के दाओचेंग से 78 किलोमीटर उत्तर में आया भूकंप, जानें कितनी रही तीव्रता
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/khwaja-asift-1790569879.jpg









