स्वाद भी, सेहत भी, एक बार जरूर ट्राई करें पारंपरिक ‘गुड़ वाली खीर’, इसे फटने से बचाने के लिए इस तरह बनाएं

भारतीय रसोइयों में खीर की एक खास जगह है। तीज-त्योहार हो या कोई खास मौका, मुंह मीठा कराने के लिए खीर हम सबकी पहली पसंद होती है। ज्यादातर घरों में खीर में चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इन दिनों कई लोग अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं और चीनी का कम सेवन कर रहे हैं। अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं लेकिन चीनी का सेवन नहीं करना चाहते तो गुड़ वाली खीर बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। ये खाने में स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। लेकिन गुड़ की खीर बनाते समय अक्सर लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यही होती है कि गुड़ डालते ही दूध फट जाता है। अगर आपके साथ भी यही समस्या होती है, तो अब चिंता की कोई बात नहीं। सही तरीके से बनाने से आप गुड़ वाली खीर को फटने से बचा सकते हैं। यहां गुड़ वाले खीर की आसान सी रेसिपी दी गई है। 

सामग्री

  • फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
  • बासमती या खीर वाले चावल: 50 ग्राम (आधा घंटा पानी में भीगे हुए)
  • गुड़: 100 से 120 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ या बारीक तोड़ा हुआ)
  • देसी घी: 1 बड़ा चम्मच
  • इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • बारीक कटे हुए मेवे: काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश

दूध को फटने से बचाने का तरीका

गुड़ में प्राकृतिक रूप से थोड़ा एसिडिक तत्व होता है, जो उबलते हुए दूध के संपर्क में आते ही उसे फाड़ देता है। खीर में गुड़ सीधे डालने के बजाय, गुड़ को 2-3 चम्मच पानी के साथ एक अलग बर्तन में धीमी आंच पर पिघला लें। जब गुड़ पूरी तरह घुलकर एक पतला सीरप बन जाए, तो गैस बंद कर दें और सिरप को पूरी तरह ठंडा होने दें। जब चावल और दूध पककर पूरी तरह गाढ़े हो जाएं और खीर तैयार हो जाए, तब गैस बंद कर दें। खीर को आंच से उतारकर लगभग 5 से 7 मिनट के लिए हल्का ठंडा होने दें। जब खीर का तापमान थोड़ा कम हो जाए, तब इसमें ठंडा किया हुआ गुड़ का सिरप डालकर अच्छी तरह मिला लें।

बनाने का तरीका
स्टेप 1: एक कढ़ाही या भारी तले के बर्तन में थोड़ा सा घी गर्म करें। इसमें कटे हुए काजू और बादाम को हल्का सुनहरा होने तक भूनकर निकाल लें। उसी बर्तन में भीगे हुए चावल डालकर 1 मिनट के लिए हल्का सा भून लें।

स्टेप 2: अब बर्तन में दूध डालें और तेज आंच पर उबलने दें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और इसे धीरे-धीरे पकने दें।

स्टेप 3: खीर को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चावल तली में न चिपके। जब दूध घटकर आधा रह जाए और चावल पूरी तरह गलकर मलाईदार हो जाए, तो इसमें इलायची पाउडर और भुने हुए मेवे मिला दें।

स्टेप 4: खीर पूरी तरह पक जाने के बाद गैस बंद कर दें। खीर को 5 मिनट थोड़ा ठंडा होने दें, फिर तैयार किया हुआ गुड़ का सिरप इसमें मिला दें। फिर इसे सर्व करें। ऐसा करने से खीर फटेगा नहीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *