मिक्स नट्स को पावरहाउस के रूप में जाना जाता है। इनमें हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर के साथ विटामिन और मिनिरल्स पाए जाते हैं। लेकिन उनके फायदे सिर्फ शरीर को पोषण देने तक सीमित नहीं हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से सेहत को कई अन्य फायदे भी मिल सकते हैं। फ्लोरिडा के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर जोसेफ सल्हाब बता रहे हैं इन्हें रोजाना खाने से आपको कौन से फायदे मिल सकते हैं और कितनी मात्रा में इनका सेवन करना सही है।
नट्स खाने से मिलते हैं सेहत को ये फायदे
-
कोलन कैंसर: नियमित रूप से नट्स खाने से कोलन कैंसर का खतरा कम होता है। अखरोट पर सबसे ज़्यादा रिसर्च हुई है क्योंकि इनमें फाइबर, पॉलीफेनोल्स और हेल्दी फैट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो गट माइक्रोबायोम और कोलन की सेहत के लिए अच्छे होते हैं।
-
फैटी लिवर में फायदेमंद: नट्स लिवर की सेहत के लिए भी बहुत अच्छे होते हैं। इनमें अनसैचुरेटेड फैट्स, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन E होते हैं. फैटी लिवर की बीमारी पर हुई रिसर्च में इन चीज़ों का ज़िक्र मिलता है।
-
याद्दाश बढ़ती है: ज़्यादा नट्स खाने से डिमेंशिया और सोचने-समझने की क्षमता कम होने (कॉग्निटिव डिक्लाइन) का खतरा भी कम होता है। नट्स जैसे अखरोट और बादाम में विटामिन ई और पॉलीफेनोल्स प्रचुर मात्रा में होते हैं। ये दिमाग की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और डैमेज से बचाते हैं।
-
नींद होती है बेहतर: अखरोट आपको बेहतर नींद में भी मदद कर सकते हैं क्योंकि इनमें नैचुरली मेलाटोनिन और ट्रिप्टोफैन होते हैं, जो आपकी नींद और जागने के चक्र (स्लीप-वेक साइकिल) में अहम भूमिका निभाते हैं।
-
पित्त की पथरी का खतरा होता है कम: नियमित रूप से नट्स खाने से पित्त की पथरी की बीमारी का खतरा भी कम होता है, जबकि अखरोट और दूसरे ट्री नट्स ट्राइग्लिसराइड्स, LDL कोलेस्ट्रॉल और दिल की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
कितनी मात्रा में खाना चाहिए?
दिनभर में लगभग 28 से 30 ग्राम यानी एक मुट्ठी नट्स खाना हेल्दी माना जाता है। वहीं एक हफ़्ते में आपको लगभग 50 से 60 ग्राम नट्स खाने से आपको फाइबर, हेल्दी फैट्स, विटामिन E, एंटीऑक्सीडेंट्स और ऐसे न्यूट्रिएंट्स मिल सकते हैं जो आपके कोलन, लिवर, दिमाग, नींद, दिल और गट की सेहत को बेहतर बनाते हैं।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)









