हवा में उड़ रहे विमान में अपने साहस से 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाने वाले फ्लाई दुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की दुनियाभर में प्रशंसा हो रही है। कैप्टन स्मित ने को-पायलट के हमले में घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया जिसकी वजह से प्लेन क्रैश होने से बच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बैंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को हीरो बता रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी ने भी कैप्टन स्मित को जमकर सराहा है। आपको बता दें कि इस घटना और कैप्टन स्मित के बारे में पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। आइए जानते हैं विदेशी मीडिया कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर क्या कह रही है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने क्या बताया?
अमेरिकी न्यूज एजेंसी न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा- कमर्शियल पायलट के रूप में अपने 10 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल प्रोफाइल में, कैप्टन स्मित मच्छार ने सुरक्षा पर खास फोकस पर जोर दिया था। बुधवार को तब इसकी जरूरत पड़ी जब आसमान में कॉकपिट के अंदर हुई घटना के बीच वे फंस गए। अधिकारियों का कहना है कि उनके को-पायलट ने उन पर हमला किया और कई बार चाकू मारा। ऐसा लगता है कि उसका मकसद दुबई (UAE) से तेल अवीव जा रहे उस प्लेन को क्रैश करना था, जिसमें 170 से ज्यादा यात्री सवार थे।
कैप्टन को हीरो माना गया- वॉशिंगटन पोस्ट
अमेरिकी न्यूज एजेंसी वॉशिंगटन पोस्ट ने कहा- दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई (FlyDubai) फ्लाइट के कॉकपिट में चाकू मारे जाने के बाद भारतीय एयरलाइन कैप्टन को हीरो माना गया है। जब वे फ्लाइट उड़ा रहे थे, तो उनके को-पायलट ने प्लेन को क्रैश करने की कोशिश में उन्हें चाकू मार दिया था। कैप्टन ने इस हादसे को टालने के लिए जो कदम उठाए, उनकी दुनिया भर के नेताओं ने तारीफ की है।
रॉयटर्स ने क्या लिखा?
रॉयटर्स ने लिखा- इजरायल जा रहे फ्लाई दुबई के विमान को क्रैश होने से बचाने के लिए हीरो माने जाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार के बचपन के सपनों में एविएशन कभी शामिल नहीं था। मच्छार का ध्यान परिवार के टेक्सटाइल बिजनेस पर था, लेकिन 19 साल की उम्र में उन्हें एविएशन का शौक लग गया। अब हजारों घंटे की उड़ान के बाद भी, मच्छार एविएशन के प्रति अपने प्यार को कॉकपिट तक ही सीमित रखते हैं और जमीन पर मौजूद लोगों से इस बारे में बात करने से हिचकिचाते हैं। स्मित मच्छार बोइंग 737 के अनुभवी कैप्टन हैं, जिन्होंने लगभग 15 साल के करियर में करीब 9,750 घंटे की उड़ान भरी है।
हंसमुख पायलट और पिता- CNN
अमेरिकी न्यूज एजेंसी CNN ने लिखा- ‘कैप्टन स्मित मच्छार: वो हंसमुख’ पायलट और पिता, जिन्होंने फ्लाई दुबई के हमलावर को रोका।’ इजरायल जा रहे फ्लाई दुबई के एक विमान में 170 से ज्यादा लोग सवार थे। इस विमान को हाईजैक करने की कोशिश को नाकाम करने और अपने को-पायलट के खतरनाक हमले का मुकाबला करने वाले भारतीय पायलट को हीरो माना जा रहा है। मच्छार के इस काम की राजनीतिक नेताओं, विमान में सवार यात्रियों और उन्हें जानने वाले लोगों ने खूब तारीफ की है।
द गार्डियन ने भी की तारीफ
ब्रिटिश न्यूज एजेंसी द गार्डियन ने लिखा- स्मित मच्छार फ्लाई दुबई के विमान के कॉकपिट में खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे, तभी उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने वाला बटन दबाया। इससे यात्री और क्रू अंदर आ सके, हमलावर को काबू में कर सके और प्लेन में सवार 174 यात्रियों की जान बच सकी। मच्छार के साथी पायलट ने उन्हें चाकू मार दिया था। ऐसा लगता है कि वह दुबई से तेल अवीव जा रहे प्लेन को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था। मच्छार उन कई लोगों में से एक हैं जिन्हें हीरो माना जा रहा है। उन्होंने उस हमलावर से प्लेन का कंट्रोल वापस हासिल किया जिसने कथित तौर पर फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश की थी। मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे दूसरे यात्री अंदर आ सके और प्लेन का कंट्रोल अपने हाथ में ले सके। इसमें कोई शक नहीं कि इसी वजह से प्लेन में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई।
मोदी-ट्रंप-नेतन्याहू ने की तारीफ
पूरी दुनिया भारतीय कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ कर रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पायलट की तारीफ करते हुए कहा है कि कैप्टन स्मित ने धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया है। पूरी दुनिया कैप्टन स्मित पर गर्व कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा स्मित का पराक्रम देश के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने कैप्टन के माता-पिता और पत्नी से बात की है। पूरा देश कैप्टन स्मित की दीघार्यु के लिए प्रार्थना करे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित मच्छार को True Hero बताया है। उन्होंने कहा कि चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने जवाबी कार्रवाई की, हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोला। इससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने का मौका मिला और 174 लोगों की जान बचाई जा सकी। वहीं, अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने भी इंडियन पायलट स्मित मच्छार को हीरो बताया है।
ये भी पढ़ें- ‘एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया’, UPSC शताब्दी समारोह में बोले पीएम मोदी, कैप्टन स्मित पर जताया गर्व
कौन है वो भारतीय पायलट, जिसने बचाई प्लेन में सवार 180 इजरायली यात्रियों की जान
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/captain-smit-machchhar-flydubai-1790839645.jpg









