प्रेगनेंसी में नारियल पानी पीने की क्यों सलाह देते हैं डॉक्टर्स ? जान लें फायदे

प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं को अपने खान-पान का बेहद खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। सही खान-पान और बॉडी को हाइड्रेट रखना मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी होता है। इस दौरान डॉक्टर्स नारियल पानी पीने की सलाह देते हैं। आपने भी अपने घर में या आस-पास में देखा होगा कि प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाएं नारियल पानी खूब पीती हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि डॉक्टर्स नारियल पानी पीने की सलाह क्यों देते हैं। दरअसल नारियल पानी नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है। इसके सेवन से बॉडी हाइड्रेट रहता है और साथ ही पेट को ठंडक मिलती है। इसके औ भी कई फायदे हैं जिसके बारे में डॉ. स्मिता वत्स, डायरेक्टर, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी, फोर्टिस, मानेसर बता रही हैं। तो चलिए जानते हैं। 

क्या कहती हैं डॉ. स्मिता वत्स

प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर को पानी की ज्यादा ज़रूरत होती है। शरीर के कार्यों जैसे ब्लड फ्लो,पाचन और बच्चे के चारों ओर तरल का निर्माण करने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है। इस तरह के मामलों में नारियल पानी बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। अमेरिकन कॉलेज ऑफ़ ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गाइनेकोलॉजी के अनुसार गर्भवती होने पर प्रतिदिन 8 से 12 कप पानी पीना चाहिए। नारियल पानी में पोटैशियम, सोडियम और मैग्नीशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं। इसलिए गर्मी, अधिक पसीना आने या उल्टी की स्थिति में यह शरीर में तरल और कुछ इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करता। गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में मतली और उल्टी की समस्या होने पर भी पर्याप्त तरल लेना महत्वपूर्ण रहता है। 

किन महिलाओं को नहीं करना चाहिए इसका सेवन 
हालांकि नारियल पानी किसी भी बीमारी का इलाज नहीं है। बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए नॉर्मल पानी पीना भी सही है। वहीं नारियल पानी एक संतुलित आहार का हिस्सा हो सकता है लेकिन इसकी मात्रा व्यक्ति के स्वास्थ्य और आहार के प्रकार पर निर्भर करेगी। जिन महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान गेस्टेशनल डायबिटीज़ है उन्हें नारियल पानी में प्राकृतिक चीनी की मात्रा के बारे में जानना चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों को किडनी की समस्याएं है और जिन्हें अपने पोटेशियम के स्तर को नियंत्रित करना है उन्हें नारियल पानी का अत्यधिक सेवन करने से बचना चाहिए।

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!